द वाॅचमेन पोस्ट
21 July, 2026
अन्य
नीमच। लॉयंस क्लब नीमच द्वारा अध्यक्ष लायन सुनील शर्मा के नेतृत्व में 18 एवं 19 जुलाई को राजस्थान के राजसमंद जिले स्थित कुंभलगढ़ में दो दिवसीय पारिवारिक फेलोशिप यात्रा का आयोजन किया गया। क्लब के अनुसार यह अब तक की सबसे बड़ी पारिवारिक यात्रा रही, जिसमें 45 दंपतियों ने अपने परिवार सहित भाग लिया।
कुंभलगढ़ की पहाड़ियों के बीच स्थित लाखेला रिसॉर्ट में आयोजित इस यात्रा के दौरान सदस्यों ने राजस्थान के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भवई नृत्य, लोकगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इसके बाद यात्रा दल ने ऐतिहासिक कुंभलगढ़ किले का भ्रमण किया तथा राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से महाराणा प्रताप और महाराजा कुम्भा के इतिहास एवं शौर्यगाथा की जानकारी प्राप्त की। यात्रा के दौरान क्लब के पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर लायन बाबूलाल गौड़ ने महाराजा कुम्भा की वंशावली एवं महाराणा प्रताप के जीवन पर संक्षिप्त जानकारी दी। वहीं क्लब के नेत्रदान संयोजक लायन रिखब गोपावत एवं इंजीनियर बाबूलाल गौड़ ने विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों को नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूक करते हुए मानव सेवा का संदेश भी दिया।
यात्रा के दूसरे दिन सदस्यों ने धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए भगवान चारभुजा नाथ, श्रीनाथजी, रणकपुर जैन मंदिर एवं श्री एकलिंगनाथ मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
यात्रा के सफल आयोजन पर क्लब अध्यक्ष लायन सुनील शर्मा ने क्लब सचिव लायन गुरमुख सिंह छाबड़ा, कोषाध्यक्ष लायन महेंद्र त्रिवेदी, लायन विजय मंगल, लायन अनिल गोयल, लायन अमनदीप साहनी सहित सभी सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।