डेस्क न्यूज
21 July, 2026
अपराध
नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए राजस्व विभाग ने नीमच सिटी के माधवगंज क्षेत्र में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। शिकायत में मंदिर और चरागाह की भूमि पर कब्जा कर खेत तक पहुंचने वाला रास्ता अवरुद्ध किए जाने की बात कही गई थी।
जानकारी के अनुसार जनसुनवाई में प्रस्तुत आवेदन में शिकायतकर्ता ने बताया था कि माधवगंज मोहल्ले में शासकीय मंदिर एवं चरागाह की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने से खेत तक आने-जाने का मार्ग बंद हो गया है। शिकायत मिलने के बाद राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि से अतिक्रमण पूरी तरह हटाया गया तथा भूमि को समतल भी कराया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता सहित क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का मार्ग पुनः सुचारू हो गया।
जिला प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन से जुड़े मामलों में समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।