डेस्क न्यूज़
06 August, 2025
भोपाल / मध्य प्रदेश में 15 अगस्त से आपातकालीन सेवा देने वाली पुलिस विभाग की डायल 100 बंद हो जाएगी. इसकी जगह अब आधुनिक और नए अवतार में 112 सेवा शुरू की जाएगी. सरकार डायल 100 की जगह नई सेवा शुरू करने जा रही है, जिसे नाम दिया गया है डायल 112. गौरतलब है कि वर्ष 2015 में गृह विभाग ने पूरे प्रदेश में डायल 100 के लिए नई गाड़ियां चलाई थी. अब ये वाहन पूरी तरह से कंडम हो चुके हैं या फिर मरम्मत के लिए बहुत अधिक राशि मांग रहे हैं.
स्कॉर्पियो शहरी क्षेत्रों में तो बोलेरो ग्रामीण क्षेत्रों के लिए
डायल 100 के बदले सरकार 15 अगस्त से डायल 112 सेवा शुरू कर रही है. इसके लिए नई गाड़ियां आ गई हैं. मध्य प्रदेश के सभी 52 जिलों के लिए 1200 नई फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल (FRV) तैनात की जाएंगी. जिनमें 600 स्कॉर्पियो-एन शहरी क्षेत्रों में और 600 बोलेरो नियो प्लस ग्रामीण क्षेत्रों में दौड़ेंगी. ये गाड़ियां आधुनिक तकनीक से लैस होंगी. जैसे कि जीपीएस, वायरलेस, डिजिटल नेविगेशन सिस्टम और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग आदि.