डेस्क न्यूज
20 July, 2026
प्रशासनिक
नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत नीमच जिले में नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
थाना बघाना क्षेत्र अंतर्गत कृषि उपज मंडी में उपनिरीक्षक आर.के. सिंघावत ने किसानों एवं आमजन को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शारीरिक नुकसान की जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी कराया गया। इसी क्रम में सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र के ओसियन स्कूल, कैंट थाना क्षेत्र की सरदार पटेल आईएएस अकादमी, कुकड़ेश्वर के धनगर चौराहा, सिंगोली के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और नीमच सिटी थाना क्षेत्र के विजडम स्कूल इंद्रानगर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और आमजन को नशे की लत के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ना चाहिए। साथ ही उपस्थित लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई। नीमच पुलिस ने आमजन से आह्वान किया है कि वे नशे के खिलाफ इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।