ताजासमाचार

जहां वेदों की वाणी गूंजी, जहां संतों का आशीर्वाद बरसा... वहां नीमच ने देखा सनातन का विराट स्वरूप, नीमच बना आस्था का महाकुंभ

डेस्क न्यूज 11 July, 2026 धार्मिक

नीमच। निरंजनी अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के शुक्रवार को नीमच आगमन पर पूरा शहर श्रद्धा और उत्साह से उमड़ पड़ा। शहर में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। शनिवार को टाउन हॉल में आयोजित उनके दिव्य आध्यात्मिक प्रवचन में सैकड़ो श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे तथा प्रवेश द्वारों पर स्वयंसेवकों की तैनाती रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं महामृत्युंजय मंत्र के साथ हुआ। अपने प्रवचन में स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने वेद, उपनिषद, श्रीमद्भगवद्गीता, रामचरितमानस और महाभारत के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन धर्म सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि सत्य, सेवा, संयम और संस्कार ही भारतीय संस्कृति की वास्तविक पहचान हैं और इन्हीं मूल्यों से परिवार, समाज एवं राष्ट्र सशक्त बनते हैं।

उन्होंने कहा कि जब समाज शास्त्रों से दूर होता है तो भ्रम और विघटन बढ़ता है, जबकि संतों और शास्त्रों के मार्गदर्शन से संस्कृति मजबूत होती है। युवाओं से उन्होंने भारतीय संस्कृति, धर्म और संस्कारों से जुड़ने का आह्वान किया।

देशभर के संत-महात्माओं का मिला सानिध्य
प्रवचन कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्रपुरीजी महाराज, महायोगी परमहंस बाबा श्री 1008 कालिदास कृष्णगिरिजी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद गिरि जी महाराज, हाथोजधाम पीठाधीश्वर बालमुकुन्दाचार्य जी महाराज, महामंडलेश्वर श्री रेशमदास सरस्वती जी महाराज, स्वामी सुखदेवानन्द जी महाराज, पं. डॉ. मिथिलेश जी नागर, स्वामी सत्यनंद सरस्वती जी महाराज, जय माला देवी वैष्णव आर्यावर्त, महंत हरिओम गिरि महाराज, महंत लालनाथ जी योगी तथा पं. लक्ष्मीनारायण शर्मा सहित देशभर से पधारे अनेक संत-महात्माओं का पावन सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मेघालय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रिकमन मोमिन, नीमच-मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

व्यवस्थाओं की हुई सराहना
इस भव्य आयोजन की व्यवस्थाएं समाजसेवी संतोष चौपड़ा एवं रेणुबाला चौपड़ा के नेतृत्व में चौपड़ा परिवार द्वारा संभाली गईं। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा सहित पूरे परिवार ने संतों के स्वागत, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था एवं भोजन प्रसादी सहित सभी व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

Related Post