डेस्क न्यूज़
17 June, 2026
धार्मिक
मनासा । "मारो बेड़ो पार लगाई दिजो मां अंजनी का लाल..." इसी अटूट आस्था और शरणागति भाव के साथ चौधरी कॉलोनी स्थित श्रीरूपेश्वर महादेव मंदिर पर 91वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य सत्संग का आयोजन संपन्न हुआ। इस दिव्य आयोजन में भारी संख्या में सनातन परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के विद्वान, रामराष्ट्र आराधक, साहित्याचार्य एवं ओजस्वी वक्ता संत श्रीचेतनराम जी की पावन प्रेरणा से मंदिरों की पवित्र नगरी मनासा में धर्म, आध्यात्म और संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने तथा सामाजिक सद्भाव व समरसता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। इसी श्रृंखला के तहत चौधरी कॉलोनी में यह धार्मिक अनुष्ठान हुआ।
आरती और दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य लाभार्थी श्रीनंदकिशोर चौधरी ने अपने पूरे परिवार के साथ श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्वलित करके की। इसके पश्चात उपस्थित सैकड़ों भक्तों ने एक स्वर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
भजनों की प्रस्तुतियों पर झूमे श्रद्धालु
चालीसा पाठ के बाद आयोजित भव्य सत्संग में क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं:
23 जून को भड़जी गली में होगा 92वां पाठ
इस विशाल और गरिमामय आयोजन की पूर्णता पर सनातन सत्संग मंडल द्वारा कार्यक्रम में पधारे सभी सनातन परिवारों एवं लाभार्थी चौधरी परिवार के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया गया।
मंडल द्वारा जानकारी दी गई कि अगला 92वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ आगामी 23 जून, मंगलवार को रात्रि ठीक 8:30 बजे 'श्री बालवीर हनुमान मंदिर' (भड़जी गली) में आयोजित किया जाएगा। मंडल ने सभी सनातन प्रेमियों से सपरिवार इस आगामी भक्तिमय आयोजन में शामिल होने का करबद्ध आग्रह किया है।