ताजासमाचार

CBN की तीन बड़ी कार्रवाई: 90.6 किलो डोडाचूरा, 370 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार

द वॉचमैन पोस्ट 23 July, 2026 अपराध

नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 90.6 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, 0.370 किलोग्राम प्रतिबंधित हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो वाहन जब्त किए गए तथा कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

स्पेन से आए पार्सल में मिला हाइड्रोपोनिक गांजा

सीबीएन को एफपीओ कस्टम्स जयपुर से सूचना मिली थी कि स्पेन से आए एक अंतरराष्ट्रीय पार्सल में मादक पदार्थ होने की आशंका है। सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों ने कस्टम्स के सहयोग से पार्सल की जांच की। तलाशी के दौरान छह पैकेटों में छिपाकर रखा गया 370 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। कानूनी कार्रवाई के बाद मादक पदार्थ जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मोरवन-जावद रोड पर कार से 45.390 किलो डोडाचूरा जब्त

दूसरी कार्रवाई में सीबीएन चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने 22 जुलाई को मोरवन-जावद रोड पर बावल गांव के पास एक ऑल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार से 45.390 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया है।

कोटा में फॉर्च्यूनर से 45.210 किलो डोडाचूरा, 4 गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई में सीबीएन कोटा की टीम ने 22 जुलाई को कोटा जिले के निकट एक टोयोटा फॉर्च्यूनर का पीछा कर उसे रोका। आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन स्थानीय पुलिस के सहयोग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन की तलाशी में 45.210 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। सीबीएन ने बताया कि तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सीबीएन को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Post