द वॉचमैन पोस्ट
23 July, 2026
राजनीति
नीमच। शहर के मेसी शोरूम चौराहे स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष गुरुवार से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठे हैं।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने "सच्चाई की लड़ाई" शीर्षक से एक बड़ा पोस्टर भी लगाया, जिसमें छात्र आंदोलन, संसद मार्च और पुलिस कार्रवाई से जुड़े घटनाक्रम को दर्शाया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज को बलपूर्वक दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करने की मांग की। इस आंदोलन को आम आदमी पार्टी, सीटू सहित कई सामाजिक एवं स्थानीय संगठनों का भी समर्थन मिला है। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता व्यक्त कर रहे हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।