ताजासमाचार

रात के सन्नाटे में मौत बनकर दौड़ी थार: टक्कर के बाद पलटी ब्रेजा, चार घायल

द वाॅचमेन पोस्ट 23 July, 2026 अपराध

ग्रीन प्लाजा के पास हादसा, दो घायलों की हालत गंभीर; प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर

नीमच। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। होटल ग्रीन प्लाजा के समीप बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक ब्रेजा कार पलटी खा गई और उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रतलाम रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार ब्रेजा कार (एमपी-09-सीएच-4842) में सवार चार लोग जावरा से कपासन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रीन प्लाजा के पास पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात थार वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ब्रेजा अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में अजहर खान, अली मोहम्मद, शेर अली सहित एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

बताया जा रहा है कि घायलों में एक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रतलाम रेफर किया गया। अन्य दो घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने थार चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के बाद अज्ञात थार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वाहन की तलाश की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी भूरा कुरैशी सहित समाज के कई लोग जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायलों के उपचार व परिजनों को सूचना देने में सहयोग किया।

Related Post