द वॉचमेन पोस्ट
23 July, 2026
रेलवे ने शुरू की बहुप्रतीक्षित परियोजना की प्रक्रिया, 18 माह में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य; शहर की यातायात समस्या को मिलेगी राहत
नीमच। नीमच जिले के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित बघाना और हिंगोरिया रेल ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठ गया है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने नीमच सहित पांच स्थानों पर रेल ओवरब्रिज निर्माण के लिए करीब 71 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत का टेंडर जारी कर दिया है। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और वर्षों पुरानी मांग के साकार होने की उम्मीद जगी है।
जारी निविदा के अनुसार नीमच स्टेशन यार्ड स्थित लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 120 (बघाना) तथा नीमच-हरकियाखाल रेलखंड पर लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 125 (हिंगोरिया) पर दो लेन रेल ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा दलौदा, धोसवास और बड़नगर में भी इसी परियोजना के तहत ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।
टेंडर दस्तावेजों के अनुसार निविदा प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 तक चलेगी। कार्य पूर्ण करने की समय सीमा 18 माह निर्धारित की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद शहर में रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि दोनों रेल ओवरब्रिज बनने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और रेलवे फाटकों पर होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिलेगी।