द वॉचमैन पोस्ट
23 July, 2026
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत नीमच जिले में नशे के खिलाफ लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में 22 एवं 23 जुलाई को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, बस स्टैंड, बाजार और गांवों में अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने पुलिस थाना नीमच कैंट क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने नशामुक्त समाज का संदेश देती आकर्षक पेंटिंग्स बनाई। कार्यक्रम के अंत में छात्रों और विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक सोनू बड़गुर्जर सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
इसी क्रम में 22 और 23 जुलाई को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उप निरीक्षक जाकिर मंसूरी ने बस स्टैंड नीमच, उप निरीक्षक दीवान सिंह ने सब्जी मंडी एवं जिला चिकित्सालय, उप निरीक्षक रूफिना टोप्पो ने बस स्टैंड जावद, प्रधान आरक्षक विशाल गंगवाल ने ग्राम रूपपुरिया तथा सउनि शाकिर खान ने ग्राम सांकरिया खेड़ी में ग्राम चौपाल एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। नीमच पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।