डेस्क न्यूज़
22 July, 2026
नीमच। श्री जैन श्वेतांबर महावीर विद्यालय ट्रस्ट, विकास नगर, नीमच के तत्वावधान में एवं साध्वी रत्न निधि श्री जी महाराज साहब, पुण्य निधि श्री जी, कला निधि श्री जी, श्रद्धा निधि श्री जी एवं प्रज्ञा निधि श्री जी महाराज साहब आदि ठाणा-5 की पावन निश्रा में चातुर्मास के लिए मंगल प्रवेश का भव्य कार्यक्रम 24 जुलाई, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा।
चातुर्मास मंगल प्रवेश की शोभायात्रा जैन भवन से प्रारंभ होकर मिडिल स्कूल मैदान, शिक्षक कॉलोनी, राजा टोडरमल चौराहा एवं विकास नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महावीर जिनालय पहुंचेगी। वहां दर्शन के पश्चात शोभायात्रा झूलेलाल मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा।
साध्वी वृंद की अगवानी के लिए विकास नगर स्थित महावीर जिनालय आराधना भवन की रंगाई-पुताई कराई गई है। इसके साथ ही मुंबई से आए विशेष कारीगरों द्वारा सतरंगी एवं रंग-बिरंगे वस्त्रों तथा फूलों की बंदनवार से पूरे परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। शोभायात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर समाजजन एवं श्रावक-श्राविकाएं पलक-पांवड़े बिछाकर, अक्षत, गहुली, स्वास्तिक चिन्ह एवं रंगोली के माध्यम से साध्वी वृंद का स्वागत करेंगे तथा आशीर्वाद ग्रहण करेंगे। नगर के विभिन्न मार्गों पर स्वागत के लिए भव्य तोरण द्वार भी सजाए गए हैं।
चातुर्मास में साधु-संतों के मंगल प्रवेश को लेकर समाजजनों में अपार उत्साह का वातावरण है। कई श्रद्धालुओं ने रात्रि भोजन त्याग, एकासना, बियासना, तेला, अठम सहित विभिन्न तप-तपस्याओं का संकल्प भी लिया है।
प्रज्ञा पुरुष एवं भक्तामर स्तोत्र के रचयिता श्री मानतुंग सूरीश्वर जी द्वारा रचित नमीऊण पार्श्व महातप की तपस्या 30 जुलाई (श्रावण बदी एकम) से प्रारंभ होगी। इस तप में 21 उपवास एवं 21 पारणे (बियासना) किए जाएंगे। इसे संकल्प सिद्धिदायक एवं सप्त भय निवारक विशिष्ट तप बताया गया है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस तप में सहभागी बनकर आत्मकल्याण के मार्ग को प्रशस्त करने की अपील की है। विधि-विधान की जानकारी के लिए गुरुवर्या से संपर्क कर व्हाट्सएप के माध्यम से शीघ्र पंजीकरण कराने का आग्रह किया गया है।
चातुर्मास प्रारंभ होने के साथ ही उपवास, तपस्या एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला भी शुरू होगी।
महावीर जिनालय श्रीसंघ अध्यक्ष राकेश जैन आंचलिया एवं चातुर्मास समिति अध्यक्ष राजमल छाजेड़ ने बताया कि चातुर्मास कार्यक्रम की पावन श्रृंखला में 24 जुलाई, शुक्रवार (आषाढ़ सुदी दशमी) को प्रातः 7:30 बजे जैन भवन में नवकारसी का आयोजन किया जाएगा। नवकारसी के धर्मलाभार्थी पूनमचंद, प्रेमप्रकाश, राहुल एवं ऋषभ पगारिया परिवार होंगे।
इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा तथा धर्मसभा के बाद स्वामी वात्सल्य का आयोजन विकास नगर स्थित झूलेलाल मंदिर परिसर में होगा।
आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से समय पर उपस्थित होकर साध्वी वृंद के मंगल प्रवेश, धर्मसभा एवं चातुर्मास के पुण्य अवसर का धर्मलाभ लेने की अपील की है।