द वाॅचमेन पोस्ट
15 July, 2026
सामाजिक
रतनगढ़, नीमच। रतनगढ़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों एवं विगत कई महीनों से लंबित वेतन के भुगतान को लेकर लगातार तीसरे दिन भी हड़ताल पर बैठे रहे। कर्मचारियों के समर्थन में आज मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई कामगार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय जय राम सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सचिव एवं प्रतिनिधि मंडल, जावद विधानसभा के वरिष्ठ नेता सुरेश शर्मा, कमल छपरीबंद, आजादशाह, अर्जुन बैरागी, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंकित शर्मा ने हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इसके पश्चात मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई कामगार प्रकोष्ठ के बैनर तले प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं बकाया वेतन का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक परेशानियों एवं कठिनाई का सामना कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।
प्रदेश सचिव कमल छपरीबंद ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन एवं नगर परिषद द्वारा सफाई कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सफाई कामगार प्रकोष्ठ के नेतृत्व में समस्त कर्मचारियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल (आमरण अनशन) भी शुरू की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रकोष्ठ कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ता रहेगा और उनके न्याय और हकों के लिए संघर्ष जारी रहेगा ।