ताजासमाचार

मनासा पुलिस का बड़ा एक्शन: सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा, 4 लाख के आभूषण बरामद, आरोपी गिरफ्तार

डेस्क न्यूज़ 15 July, 2026 अन्य

नीमच \ मनासा । जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नकबजनी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार फरियादी ने थाना मनासा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे से 3:30 बजे के बीच अज्ञात चोर उसके सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मामले में थाना मनासा में अपराध क्रमांक 348/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनासा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तुफान पिता लालूराम गुर्जर, निवासी टामोटी, थाना कुकड़ेश्वर बताया। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेज सिंह सिसोदिया, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षक अकीव मेव, आरक्षक अंकित जोशी, ईश्वर चौहान एवं पंकज मोगिया की सराहनीय भूमिका रही | 

Related Post