डेस्क न्यूज़
15 July, 2026
अन्य
नीमच । कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिले में बंद शासकीय रास्तों एवं रास्ता संबंधी विवादों के निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्व विभाग ने मनासा तहसील के ग्राम कंजार्डा में 12 किसानों की लंबे समय से चली आ रही रास्ते की समस्या का त्वरित समाधान किया है।
ग्राम कंजार्डा के पटवारी हल्का क्रमांक-45 अंतर्गत सर्वे नंबर 1510, 1506, 1505, 1504, 1503, 1502 सहित अन्य सर्वे नंबरों की दक्षिण दिशा में गहरी खाई होने के कारण शासकीय रास्ता अवरुद्ध हो गया था। रास्ता बंद होने से किसान रामचंद्र पिता मोडीराम, भंवरलाल पिता बालू, भागूबाई पति/पिता हरिराम, प्यारचंद पिता कजोड़, रामचंद्र पिता कंवरलाल सहित 12 किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और कृषि यंत्रों एवं फसल परिवहन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
किसानों की समस्या की जानकारी मिलते ही राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और जेसीबी मशीन की सहायता से गहरी खाई को भरवाकर बंद शासकीय रास्ते को पुनः चालू कराया गया। रास्ता खुलने के बाद अब किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने, कृषि उपकरण ले जाने और फसल को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिल सकेगी।
राजस्व विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसानों ने समस्या के शीघ्र निराकरण पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में एसडीएम मनासा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मनासा सहित राजस्व अमले की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।