डेस्क न्यूज़
15 July, 2026
अन्य
नीमच। मध्य प्रदेश शासन के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत बुधवार को स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति शपथ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति से संबंधित प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाए, तो एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी अशोक लश्कर, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस कार्यक्रम से जुड़े स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।