डेस्क न्यूज़
15 July, 2026
अन्य
नीमच। भारत सरकार की हज कमेटी द्वारा वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने हज यात्रियों को आर्थिक राहत प्रदान करने और यात्रा को अधिक सुगम एवं किफायती बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार से हज उड़ानों के लिए वैश्विक निविदाएं (ग्लोबल टेंडर) आमंत्रित करने तथा 'ओपन स्काई पॉलिसी' को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की है।
कुरैशी ने जारी बयान में कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण हज यात्रियों को हवाई यात्रा पर अपेक्षाकृत अधिक खर्च करना पड़ता है, जिससे मध्यमवर्गीय एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए हज यात्रा का खर्च वहन करना कठिन हो जाता है। उनका कहना है कि यदि सरकार इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेती है, तो हज यात्रा की लागत में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि हज उड़ानों के लिए वैश्विक निविदाएं जारी होने से दुनिया की प्रतिष्ठित विमानन कंपनियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। अधिक कंपनियों के शामिल होने से यात्रियों को कम किराये, बेहतर सेवाएं और अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे, जिसका सीधा लाभ देश के हज यात्रियों को मिलेगा।
हारून रशीद कुरैशी ने कहा कि ओपन स्काई पॉलिसी लागू होने से उड़ानों के संचालन में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, सेवाओं में सुधार होगा तथा किसी एक व्यवस्था पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि आगामी हज सत्र से पूर्व इस विषय पर नीतिगत निर्णय लिया जाए, ताकि अधिक से अधिक हज यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय इस सुझाव पर गंभीरता से विचार करते हुए हज यात्रियों के हित में आवश्यक कदम उठाएंगे।