द वॉचमेन पोस्ट
15 July, 2026
प्रशासनिक
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, भविष्य और समाज पर बुरा प्रभाव डालता है। स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को नशे से दूर रहना चाहिए तथा युवाओं को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से किशोरों और युवाओं को अवैध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही नशामुक्त समाज का सपना साकार हो सकता है।
शपथ के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी राजेश व्यास और वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे स्वयं साइकिल रैली में शामिल हुए। रैली पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, फोर जीरो, कमल चौक और महेश सर्कल होते हुए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-2 पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया, पुलिस अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।