ताजासमाचार

चीताखेड़ा पशु औषधालय में डॉक्टरों की कमी से पशुपालक परेशान, कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग, किसान नेता राजेंद्र सिंह तोमर ने की शिकायत

द वाॅचमेन पोस्ट 14 July, 2026

नीमच। जिले की जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर किसान प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह तोमर ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चीताखेड़ा पशु औषधालय में पदस्थ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप शर्मा अपनी मूल पदस्थापना वाली संस्था में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को समय पर उपचार सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
ज्ञापन के अनुसार संबंधित अधिकारी किसी अन्य स्थान पर अटैचमेंट के आधार पर कार्यरत हैं तथा नीमच में निजी क्लीनिक संचालित करने की बात भी सामने आई है। इसके चलते चीताखेड़ा क्षेत्र में बीमार पशुओं के उपचार में देरी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से कई पशुओं की मौत तक हो चुकी है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
किसान प्रतिनिधि ने बताया कि वर्तमान में चीताखेड़ा पशु औषधालय में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। यहां पदस्थ पशु चिकित्सा सहायक अधिकारी का स्थानांतरण उनके मूल जिले में हो चुका है, जिसके बाद संस्था लगभग खाली पड़ी है। विभाग द्वारा किसी अन्य संस्था के सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वे भी 8 से 10 दिन में एक बार ही औषधालय पहुंचते हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन क्षेत्र के किसानों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में पशुओं के बीमार होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध नहीं होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पशु चिकित्सा सेवाओं को सुचारू बनाने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। किसान प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह तोमर ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा करने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय पर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की जिम्मेदारी है और इस दिशा में शीघ्र कदम उठाए जाने चाहिए ताकि क्षेत्र के पशुपालकों को राहत मिल सके। इस मामले में संबंधित डॉक्टर संदीप शर्मा से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका बयान नहीं मिल पाया।

Related Post