ताजासमाचार

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का आगाज, साइकिल रैली से दिया नशामुक्ति का संदेश, कलेक्टर-एसपी ने दिखाई हरी झंडी

डेस्क न्यूज़ 15 July, 2026 अन्य

नीमच। मध्यप्रदेश शासन के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम से जागरूकता साइकिल रैली निकालकर अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार व्यास ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। साइकिल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने आमजन को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार व्यास ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में यह विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम, नशामुक्ति शपथ, विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम, नशे के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा और युवाओं को खेल, शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में फुटबॉल सहित अन्य खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं को "नशा छोड़ो, खेलों से जुड़ो" का संदेश देना है। उन्होंने मीडिया से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।

अभियान शुभारंभ अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आमजन से अभियान में सहभागी बनकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

Related Post