ताजासमाचार

श्रीबद्रीविशाल मंदिर में 95वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग सम्पन्न

डेस्क न्यूज़ 15 July, 2026 अन्य

मनासा | सनातन धर्म के चारों प्रमुख देवों के विशाल मंदिरों की मौजूदगी वाले इस नगर के नगरनायक श्रीबद्रीविशाल मंदिर के विशाल प्रांगण में आयोजित सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मंदिर परिसर छोटा पड़ गया।

सनातन सत्संग मंडल द्वारा अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के विद्वान, रामराष्ट्र आराधक, युवा साहित्याचार्य संत श्रीचेतनराम जी महाराज (उदयपुर) की प्रेरणा से नगर में निरंतर प्रवाहित सामूहिक सत्संग की श्रृंखला के अंतर्गत यह 95वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भागवताचार्य पंडित गोविन्द उपाध्याय एवं पुजारी जुगलकिशोर उपाध्याय ने भगवान श्रीबद्रीनारायण जी के पावन विग्रह तथा श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

भजन संध्या में भजन गायक राजकुमार मारू ने अपने जोशपूर्ण भजन "वो तो लाल लंगोटे वाला है" प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। अरुण झंवर ने "सब मंगलमय कर देते हैं दक्षिणमुख के हनुमान प्रभु" भजन के माध्यम से बालाजी के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। अर्पित शर्मा ने लोकप्रिय भजन "घुमा दे म्हारा बालाजी घम्मर-घम्मर घोटो" प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर करते हुए नृत्य करने पर मजबूर कर दिया।

इसी क्रम में ओम सोनी ने "मेरे रघुवर तू ही सहारा है" भजन प्रस्तुत कर प्रभु के प्रति विश्वास व्यक्त किया। कमल विजयवर्गीय ने नगर में जन-जन के बीच लोकप्रिय लावणी "मनाऊँ बद्री, द्वारिकाधीश, सेतुबंध रामेश्वर जगदीश" प्रस्तुत कर खूब सराहना प्राप्त की। वहीं गोपाल राठौर ने भगवान श्रीसांवलिया सेठ को समर्पित लोकप्रिय भजन "म्हारा सांवलियाजी सेठ, थाने कहाँ हो गया लेट" के माध्यम से नानीबाई के भावों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

भजनावली का समापन सुरेश सोनी ने जीवन की नश्वरता का संदेश देने वाले भजन "कई लाया था, न कई ले जावांगा" की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ किया।

अंत में सनातन सत्संग मंडल ने इस दिव्य सत्संग के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले लाभार्थियों एवं समस्त सनातन परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 96वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होने का आग्रह किया। यह आयोजन 21 जुलाई, मंगलवार, रात्रि 8:30 बजे स्थानीय रामद्वारा परिसर में आयोजित होगा।

Related Post