डेस्क न्यूज़
14 July, 2026
प्रशासनिक
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित जिला स्तरीय शिकायत निवारण शिविर में अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने की। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
शिविर में एसपी राजेश व्यास ने एक-एक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित थाना प्रभारियों व अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर आयोजित सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 15 लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई शिविर में करीब 53 फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। शिकायतों को सुनने के बाद एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को समय सीमा में कार्रवाई कर आवेदकों को राहत देने के निर्देश दिए।
एसपी राजेश व्यास ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का समय पर, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है। साथ ही थाना स्तर पर भी नियमित रूप से जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक नीमच किरण चौहान, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, महिला सुरक्षा उप पुलिस अधीक्षक निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।