ताजासमाचार

प्रभु भक्ति और सेवा का संगम: प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों पर समाज के रत्न SDM पराग जैन, जैन समाज ने जताया गौरव

डेस्क न्यूज 10 June, 2026 सामाजिक

नीमच। किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसके संस्कार, उसकी श्रद्धा और उसके वे व्यक्तित्व होते हैं जो सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से समाज का नाम रोशन करते हैं। नीमच में ऐसा ही गौरवपूर्ण अवसर तब देखने को मिला जब दिगंबर जैन सोशल ग्रुप जिनागम के प्रतिनिधिमंडल ने नीमच के नवपदस्थ एसडीएम श्री पराग जैन से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

प्रतिनिधिमंडल ने पराग जैन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए चैतन्य चमत्कारी संकट मोचन पार्श्वनाथ प्रभु के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। समाजजनों ने कहा कि प्रभु की असीम कृपा और पुण्योदय से समाज के अनेक प्रतिभाशाली अधिकारी आज महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर पहुंचकर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

समाज के वरिष्ठजनों ने इस अवसर पर विशेष रूप से उल्लेख किया कि वर्तमान में कलेक्टर कार्यालय एवं जिला पंचायत जैसे महत्वपूर्ण कार्यालयों में  पराग जैन,  जय कुमार,  अतुल खटोड़ एवं  आशीष जैन जैसे अधिकारी अपनी सेवाओं, कार्यकुशलता और जनहितकारी सोच से आमजन की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि संपूर्ण जैन समाज के लिए गर्व, प्रेरणा और सम्मान का विषय है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जब समाज के संस्कारित युवा प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक पहुंचते हैं तो सेवा और संवेदनशीलता दोनों का समावेश दिखाई देता है। यही कारण है कि समाज स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

ग्रुप अध्यक्ष मनोज विनायका ने कहा कि समाज की वास्तविक पहचान केवल मंदिरों और परंपराओं से नहीं, बल्कि उन व्यक्तित्वों से भी बनती है जो अपने आचरण, कर्तव्य और सेवा से समाज का मस्तक ऊंचा करते हैं। आज प्रशासनिक दायित्वों पर समाज के प्रतिनिधियों को देखकर प्रत्येक समाजजन गौरव की अनुभूति कर रहा है।

ग्रुप सचिव अमन विनायका ने कहा कि यह केवल पद प्राप्ति का विषय नहीं, बल्कि संस्कारों की विजय का प्रतीक है। जब प्रभु भक्ति, शिक्षा और सेवा का संगम होता है, तब समाज को ऐसे अधिकारी मिलते हैं जो जनहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करते हैं और पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप जिनागम ने सभी अधिकारियों को साधुवाद देते हुए उनके सफल, पारदर्शी और जनकल्याणकारी कार्यकाल की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि प्रभु पार्श्वनाथ का आशीर्वाद और समाज के संस्कार उन्हें निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा वे जनसेवा के माध्यम से समाज और जिले का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Related Post