द वॉचमेन पोस्ट
13 July, 2026
सामाजिक
पंजाब की राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में देशभर में अव्वल रहे अरबाज खान का नागरिक अभिनंदन, समाज ने बताया युवाओं की प्रेरणा
नीमच। राष्ट्रीय स्तर पर मिस्टर इंडिया का खिताब जीतकर नीमच का नाम रोशन करने वाले युवा बॉडी बिल्डर अरबाज खान का रविवार को शेख सैयद पठान वेलफेयर सोसायटी, नीमच द्वारा भव्य सम्मान किया गया। रावण रूंडी स्थित कादरी रिसोर्ट में आयोजित समारोह में समाज के लोगों ने अरबाज खान को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अरबाज खान की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उनकी सफलता से न केवल समाज बल्कि पूरा नीमच गौरवान्वित हुआ है।
कार्यक्रम में अरबाज खान को विशेष सम्मान प्रदान करते हुए समाज की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। समाजजनों ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान आवश्यक है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।
सदर सलीम खान ने अपने संबोधन में कहा कि "अरबाज खान ने मिस्टर इंडिया का खिताब जीतकर पूरे नीमच और शेख सैयद पठान समाज का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। हमें उम्मीद है कि वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।"
वहीं सम्मान प्राप्त करने के बाद अरबाज खान ने कहा कि "यह सम्मान मेरे लिए बेहद खास है। समाज और शहर के लोगों का जो प्यार और सम्मान मिला है, वह मुझे आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। मैं आने वाले समय में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करूंगा।"
कार्यक्रम के अंत में समाज की ओर से अरबाज खान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।