ताजासमाचार

विकास के दावों पर कीचड़! 3 साल से सड़क का इंतजार, जलभराव में जीने को मजबूर ग्रामीण

डेस्क न्यूज़ 22 June, 2026 राजनीति

नीमच\सिंगोली। जिले की सिंगोली तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगांव के तुरकिया गांव में ग्रामीण वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क नहीं होने के कारण मोहल्ले में कीचड़, गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों के बाहर कई स्थानों पर करीब दो फीट तक पानी भरा हुआ है। वर्तमान में ही हालात इतने खराब हैं तो आगामी बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर होने की आशंका है। कीचड़ और पानी के बीच लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से ग्राम पंचायत के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन बाद में ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मोहल्ले में आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी कम होंगी।

Related Post