डेस्क न्यूज़
22 June, 2026
अन्य
मंदसौर । नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश की टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। सीबीएन की मंदसौर द्वितीय खंड तथा पी एंड आई सेल की संयुक्त टीम ने दिनांक 21 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 616 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक फ्लैटबेड ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी, ट्रक में मिले दो 'हिडन चैंबर'
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीएन के अधिकारियों को एक विशिष्ट गुप्त सूचना मिली थी कि मल्हारगढ़ और पिपलियामंडी के बीच से मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर एक संदिग्ध फ्लैटबेड ट्रक को रोका। सुरक्षा कारणों और मौके पर विस्तृत तलाशी संभव न होने के कारण, सीबीएन की टीम ट्रक और उसके चालक को मंदसौर स्थित ब्यूरो कार्यालय परिसर लेकर आई।
कार्यालय परिसर में जब ट्रक की गहनता से जांच की गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने ट्रक के फ्लैटबेड के निचले हिस्से और चालक के केबिन के ठीक पीछे विशेष रूप से निर्मित दो गुप्त कक्ष (Hidden Chambers) बना रखे थे। इन गुप्त चैंबरों के अंदर छिपाकर रखे गए कुल 67 प्लास्टिक के कट्टों से 616.000 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
लोहा काटने वाली मशीन से काटा ट्रक का हिस्सा
कार्रवाई के दौरान चालक के केबिन के पीछे बने गुप्त चैंबर में छिपाए गए कट्टों को बाहर निकालना सीबीएन टीम के लिए बड़ी चुनौती साबित हुआ। चैंबर का मुंह छोटा होने के कारण कट्टे बाहर नहीं आ पा रहे थे। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल लोहा काटने की मशीन मंगवाई। मशीन की सहायता से ट्रक के लोहे के गुप्त हिस्से को काटा गया और तब जाकर डोडाचूरा की पूरी खेप को बाहर निकाला जा सका।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम
सीबीएन ने बरामद अवैध डोडाचूरा और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस अधिनियम, 1985 (NDPS एक्ट) के कड़े प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया है। मौके से गिरफ्तार किए गए ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।
सीबीएन अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और मादक पदार्थों की यह खेप कहाँ जा रही थी, इसको लेकर आगे की जांच जारी है। ब्यूरो ने दोहराया है कि देश को नशामुक्त बनाने और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को नेस्तनाबूद करने के लिए उनके ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।