ताजासमाचार

खून से लथपथ घायल नंदी का किया रेस्क्यू, उपचार कर दी नई जिंदगी की राहत

सुनिल माली 22 June, 2026 अन्य

नीमच \ सरवानिया महाराज। मूक पशुओं की सेवा का एक संवेदनशील उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब गंभीर रूप से घायल एक नंदी की पीड़ा देखकर स्थानीय गो रक्षकों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। नंदी का एक सींग टूट गया था, जिससे लगातार खून बह रहा था और वह असहनीय दर्द से कराह रहा था।

जानकारी के अनुसार, संभवतः अन्य पशुओं से संघर्ष के दौरान नंदी का सींग टूट गया था। घायल अवस्था में वह नगर में घूम रहा था। टूटे सींग की वजह से गहरा घाव हो गया था और लगातार रक्तस्राव हो रहा था। इसकी सूचना मिलने पर स्थानीय गो रक्षा दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद नंदी का रेस्क्यू किया।

गो रक्षकों ने पशु चिकित्सक की सलाह पर उपचार शुरू कराया। टूटे हुए सींग के हिस्से को अलग कर घाव की विशेष सफाई की गई। इसके बाद एंटीसेप्टिक दवाओं, मक्खीरोधी औषधि और आवश्यक उपचार के साथ पट्टी कर नंदी को राहत पहुंचाई गई।

दर्द में था नंदी, सेवा में जुट गए गो रक्षक

घायल नंदी की सूचना मिलते ही गो रक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंच गए। कड़ी मेहनत के बाद नंदी को सुरक्षित पकड़कर उपचार कराया गया। क्षेत्र में जब भी किसी गोवंश या मूक पशु के घायल होने की सूचना मिलती है, गो रक्षक बिना किसी स्वार्थ के सेवा के लिए आगे आते हैं। यही समर्पण उन्हें समाज में विशेष पहचान दिलाता है।

गो रक्षकों को मिले समाज का सहयोग

गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि मूक पशुओं की सेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे में लोगों को सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए, ताकि सेवा कार्यों में लगे लोगों का मनोबल बढ़ सके और जरूरतमंद पशुओं को समय पर सहायता मिल सके।

निस्वार्थ भाव से कर रहे सेवा कार्य

गो रक्षा दल नीमच जिला महासचिव रूपलाल पाटीदार ने बताया कि गो रक्षक अपने निजी कार्य छोड़कर पीड़ित गोवंश और मूक पशुओं की सेवा के लिए हर समय तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना तथ्य जाने अनावश्यक आरोप लगाते हैं, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित होता है। इसके बावजूद गो रक्षा दल लगातार सेवा कार्यों में जुटा हुआ है। उन्होंने आमजन से सहयोग और सकारात्मक सहभागिता की अपील की।

Related Post