डेस्क न्यूज़
21 June, 2026
अन्य
नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच द्वारा आयोजित सात दिवसीय योग शिविर का भव्य एवं गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं भारत विकास परिषद शाखा नीमच के संस्थापक सदस्य दिलीप सिंह परिहार रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट एवं योग विशेषज्ञ डॉ. अशोक जैन, कैट (CAIT) जिला संयोजक एवं रोटरी के पूर्व मंडलाध्यक्ष दर्शन सिंह गांधी तथा नीमच जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय किलेवाला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों एवं योग गुरु का स्वागत परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है। भारत की पहल पर आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक जैन ने परिषद द्वारा आयोजित योग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि "पहला सुख निरोगी काया" है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने योग गुरु रिमझिम मंगल की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह नीमच नगर का सौभाग्य है कि यहां प्रशिक्षित एवं समर्पित योग गुरु उपलब्ध हैं।
दर्शन सिंह गांधी ने कहा कि भारत ने विश्व को योग जैसी महान जीवन पद्धति प्रदान की है। आज 174 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो इसकी वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। वहीं संजय किलेवाला ने परिषद द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
शिविर के दौरान सात दिनों तक प्रतिभागियों को योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण देने वाली योग गुरु श्रीमती रिमझिम मंगल का परिषद परिवार द्वारा विशेष सम्मान किया गया। अतिथियों ने उन्हें शाल, श्रीफल, दुपट्टा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समापन अवसर पर परिषद के शाखा अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता ने उपस्थित साधकों को हास्य योग कराया। ठहाकों और सकारात्मक ऊर्जा से पूरा परिसर गूंज उठा। सात दिवसीय इस योग शिविर में नगर के 75 से अधिक महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में शिविर संयोजक राजेश जायसवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी द्वारा दी गई।