डेस्क न्यूज़
22 June, 2026
अन्य
नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने रविवार शाम टाउन हॉल पहुंचकर शतरंज प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण एवं खेल गतिविधियों की जानकारी ली तथा प्रतिभागियों के खेल कौशल का अवलोकन किया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय रतन गर्ग, उपाध्यक्ष नितिन साहू, आशीष भंडारी, सह सचिव अरुण विश्वा, कोषाध्यक्ष गिरराज विश्नोई, त्रिलोके प्रजापति एवं जगदीश बागड़ी ने कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है जो बच्चों की निर्णय क्षमता, एकाग्रता और मानसिक विकास को मजबूत बनाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने युवा खिलाड़ी निलांश साहू एवं अनंत मठ्ठा के साथ शतरंज की बाजी भी खेली और उनके खेल कौशल की सराहना की।
डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय रतन गर्ग ने बताया कि खिलाड़ियों को शतरंज घड़ी के माध्यम से प्रतियोगी स्तर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही आगामी 5 जुलाई को जी.एच. रायसोनी मेमोरियल के सौजन्य से एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में टाउन हॉल नीमच में राष्ट्रीय स्तर की ओपन चेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी शतरंज खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
अंत में एसोसिएशन द्वारा कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।