ताजासमाचार

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर प्रदेशभर में होंगे विशेष कार्यक्रम  : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

डेस्क न्यूज़ 22 June, 2026 अन्य

23 जून से 6 जुलाई तक चलेगा विशेष पखवाड़ा, युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का अवसर

भोपाल। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश सरकार 23 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगरीय निकायों के महापौरों एवं नगर पालिका अध्यक्षों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा उनका पूरा जीवन राष्ट्रीय एकीकरण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि यह जयंती वर्ष युवाओं को राष्ट्रसेवा, समर्पण और राष्ट्रीय चेतना के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 23 जून से 6 जुलाई तक आयोजित होने वाले विशेष पखवाड़े के दौरान श्रद्धांजलि सभाएं, विचार गोष्ठियां एवं विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी एक प्रख्यात शिक्षाविद, चिंतक, सांसद और दूरदर्शी राजनेता थे, जिनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

गौरतलब है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का निधन 23 जून 1953 को हुआ था, जिसे राष्ट्रहित में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान के रूप में देखा जाता है। वहीं उनका जन्म 6 जुलाई 1901 को हुआ था। उनके जन्मदिवस और पुण्यतिथि के मध्य आयोजित इस विशेष पखवाड़े का उद्देश्य उनके विचारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश का व्यापक प्रसार करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पखवाड़े के समापन तक डॉ. मुखर्जी के विचारों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएं, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन और कार्यों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।

Related Post