ताजासमाचार

आजाद कोटवार कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी का गठन, अजब खान बने जिलाध्यक्ष

डेस्क न्यूज़ 22 June, 2026 अन्य

नीमच। मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक रविवार को नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर से आए कोटवार कर्मचारियों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में कोटवारों की लंबित मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। इस दौरान पुरानी जिला कार्यकारिणी को भंग कर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई, जिसमें मनासा तहसील के अजब खान को मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ का जिलाध्यक्ष चुना गया, जबकि नीमच तहसील के पवन शर्मा को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवगठित कार्यकारिणी के गठन के बाद उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक का समापन संगठन की एकजुटता बनाए रखने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Post