ताजासमाचार

राष्ट्रपति से मिलने का समय नहीं मिला, अब मार्च की तैयारी में कांग्रेस; जीतू पटवारी बोले- जवाबदेही से बच रही भाजपा

डेस्क न्यूज 12 June, 2026 राजनीति

भोपाल/नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगा रही कांग्रेस अब राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग को लेकर और आक्रामक हो गई है। कांग्रेस के विधायकगण और वरिष्ठ नेता राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंचे, लेकिन राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से ईमेल के माध्यम से समय उपलब्ध नहीं होने की सूचना दे दी गई।

इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए हैं कि यदि शीघ्र समय नहीं मिला तो पार्टी राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने सहित अन्य लोकतांत्रिक कदमों पर विचार करेगी। कांग्रेस का कहना है कि राज्यसभा चुनाव से जुड़े पूरे घटनाक्रम को लेकर वह देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख के समक्ष अपना पक्ष रखना चाहती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता की आवाज उठाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। वहीं, पार्टी शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया के माध्यम से राज्यसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है।

Related Post