डेस्क न्यूज़
22 June, 2026
अन्य
नीमच। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल का दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग भादवा माता स्थित श्री मारू औदिच्य ब्राह्मण समाज धर्मशाला में आयोजित किया गया। अभ्यास वर्ग में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक, सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
शनिवार को आगमन, संघस्थान, उद्घाटन, अभ्यास सत्र एवं रात्रि सत्संग का आयोजन हुआ। वहीं रविवार को जागरण, एकात्मता मंत्र, बौद्धिक सत्र, चर्चा, संवाद एवं समापन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रांत पदाधिकारी संजय होलकर, विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला एवं जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला ने कहा कि वर्तमान समय बौद्धिक युद्ध (इंटेलेक्चुअल वॉरफेयर) का युग है, जहां विचारों और सूचनाओं की लड़ाई महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन का प्रचार-प्रसार विभाग उसकी आंख, कान और नाक के समान होता है, जो सूचनाओं के संग्रह, प्रसारण और भ्रमित करने वाली जानकारियों के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सकारात्मक नैरेटिव स्थापित करने, समाज और राष्ट्रहित के विषयों पर सही दृष्टिकोण प्रस्तुत करने तथा भ्रामक सूचनाओं का प्रभावी जवाब देने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय चेतना के प्रेरणास्रोत डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और माधव सदाशिव गोलवलकर के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला।
प्रांत पदाधिकारी संजय होलकर ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्रीय पुनर्जागरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भारत की धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी प्रत्येक जागरूक नागरिक की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सनातन संस्कृति के संवाहक बनकर नई पीढ़ी को राष्ट्र और संस्कृति के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में बजरंग दल जिला संयोजक दुर्गेश धनगर ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई, जबकि मुख्य शिक्षक के रूप में जिला सहसंयोजक बृजेश वाल्मीकि ने भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, विभाग पदाधिकारी लक्ष्मण सिंह राठौड़, जिला सेवा प्रमुख संजय चौरसिया, मातृशक्ति विभाग संयोजिका रेखा वर्मा, जिला सहमंत्री विनोद माली, सामाजिक समरसता प्रमुख दिनेश शर्मा, गौ रक्षा प्रमुख राहुल कुशवाह, विशेष संपर्क प्रमुख जगपाल फरक्या, कपिल आचार्य, मंजू जोशी, माया दावे, असीम व्यास, बंटी अग्रवाल, मंगल सिंह, सावन चौहान, पवन जैसवार, नितिन बागड़ी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।