ताजासमाचार

मोहर्रम के बीच खुदी सड़क पर सवाल, हारून रशीद ने नपाध्यक्ष और CMO से मांगा जवाब

डेस्क न्यूज़ 22 June, 2026 अन्य

नीमच। मोहर्रम के पावन माह में वार्ड क्रमांक 19 स्थित मूलचंद मार्ग पर चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पिछले एक सप्ताह से खुदी पड़ी सड़क के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सीएमओ दुर्गा बामनिया से जवाब मांगा है।

कुरैशी का कहना है कि मोहर्रम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व की जानकारी पहले से होने के बावजूद नगर पालिका ने निर्माण कार्य की समयबद्ध योजना नहीं बनाई। मुख्य मार्ग को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि खुदाई कार्य शुरू किया गया था तो उसे एक सप्ताह तक अधूरा क्यों छोड़ा गया? क्या नगर पालिका को इस बात का अंदाजा नहीं था कि मोहर्रम के दौरान इस मार्ग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है?

पूर्व पार्षद ने कहा कि क्षेत्र की जनता जानना चाहती है कि आखिर निर्माण कार्य की समय-सीमा क्या थी और त्योहार के दौरान लोगों को परेशानी में डालने की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने की मांग की है, ताकि मोहर्रम के आयोजनों और आमजन की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
 

Related Post