ताजासमाचार

सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- अपनों ने ही खोल दी पार्टी की पूरी पोल, राज्यसभा चुनाव में नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस को घेरा

डेस्क न्यूज़ 10 June, 2026 अन्य

भोपाल। राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में जारी घमासान के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के मामले को लेकर कहा कि पार्टी ने हार के डर से महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन उसके ही नेताओं ने पूरी सच्चाई जनता के सामने ला दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस में कई नेता दावेदार थे। टिकट नहीं मिलने से पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ी और उसी का परिणाम है कि कांग्रेस के अंदरूनी लोगों ने ही संबंधित तथ्यों को सार्वजनिक कर दिया। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की कार्यशैली और आंतरिक कलह उजागर हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक लोगों को आपस में लड़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया, लेकिन गरीबी तो नहीं हटी, उल्टा कांग्रेस ही जनता से दूर हो गई।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की नजर हमेशा सत्ता पर रही है, जबकि भाजपा और एनडीए सरकार जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और करोड़ों श्रद्धालु वहां दर्शन कर रहे हैं। मध्यप्रदेश भी प्रभु श्रीराम की विशेष कृपा का केंद्र है और सरकार अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश सेवा के लिए समर्पित हैं। उनके नेतृत्व में करोड़ों लोगों को आवास, मुफ्त राशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। देश की सुरक्षा और विकास दोनों क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि राज्यसभा में एनडीए के सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भाजपा ने हमेशा सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का काम किया है और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।

Related Post