डेस्क न्यूज
09 June, 2026
प्रशासनिक
हादसों की आशंका के बीच बड़ी कार्रवाई, शहर में चिन्हित 12 जर्जर भवनों पर प्रशासन की नजर
नीमच। हाल ही में जर्जर मकान हादसे में हुई जनहानि के बाद जिला प्रशासन और नगर पालिका एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को नगर पालिका परिषद नीमच ने शहर के तीन खतरनाक और जीर्ण-शीर्ण भवनों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जमींदोज कर दिया।
शासन के निर्देशों एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में नगर पालिका की टीम ने जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से नीमच सिटी के कालिदास मार्ग (जूना बाजार) स्थित एक जर्जर भवन, पूरनगंज स्थित आर्य समाज के जीर्ण-शीर्ण भवन तथा ठक्कर बप्पा गंज क्षेत्र के एक खतरनाक भवन के हिस्से को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए ताकि आसपास के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि नगर पालिका द्वारा शहर का सर्वे कर 12 ऐसे भवन चिन्हित किए गए हैं जो अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं और कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इन भवनों के स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में भवन हटाने या सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर नगर पालिका को हस्तक्षेप करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए ऐसे भवन आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इसलिए संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। आगामी दिनों में भी चिन्हित अन्य खतरनाक भवनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर पालिका की इस कार्रवाई के दौरान प्रभारी राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, महेंद्र साहू, अब्दुल हमीद, रवि भंडारी सहित नगर पालिका का अमला मौके पर मौजूद रहा।