डेस्क न्यूज़
10 June, 2026
अन्य
नीमच \ मनासा। मंदिरों की पवित्र नगरी मनासा में आयोजित 90वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सनातन धर्म की संगठन शक्ति का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में "सनातनी हम सब एक" का उद्घोष गूंजता रहा और भक्तिभाव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा विद्वान, रामराष्ट्र आराधक एवं साहित्याचार्य संत श्रीचेतनराम जी महाराज (उदयपुर) की प्रेरणा से सनातन समाज में धर्म, आध्यात्म, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ का यह अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 90वां पाठ श्री पंजाबी समाज के तत्वावधान में अयोध्यापुरी पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंजाबी समाज अध्यक्ष प्रीतम बांगा सहित अशोक गुलाटी, प्रकाश गुलाटी, देशराज दुआ, सतीश बांगा, राम गुलाटी, अनिल वधवा, महेंद्र छाबड़ा, संजय छाबड़ा, हर्ष ग्रोवर, लोकेश सिंधवानी, प्रदीप मलिक, पलाश दुआ, पंकज छाबड़ा, रमेश झांम एवं महेश छाबड़ा द्वारा श्रीहनुमानजी के स्वरूप पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
सत्संग के दौरान भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजकुमार मारु ने "मेरा सालासर दरबार मुझे अच्छा लागे से" भजन प्रस्तुत कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सत्यनारायण सोनी ने "राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी" भजन से पूरे पंडाल को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। वहीं अरुण झंवर, कमल विजयवर्गीय, समरथ खाटवा, विजय उपाध्याय, सुनील शर्मा, धर्मपाल ग्रोवर और प्रकाश छत्ताणी ने भी एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
सनातन सत्संग मंडल ने इस भव्य, दिव्य एवं विराट आयोजन के लिए श्री पंजाबी समाज तथा सभी सनातन परिवारों का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 91वें श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में 16 जून, मंगलवार रात्रि 8:30 बजे चौधरी कॉलोनी स्थित श्री रूपेश्वर महादेव मंदिर में सपरिवार पधारने का आग्रह किया।