ताजासमाचार

कलेक्टर का सख्त एक्शन मोड : खाद की उपलब्धता से लेकर सड़क सुरक्षा और अस्पतालों की फायर सेफ्टी तक दिए बड़े निर्देश

डेस्क न्यूज़ 09 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले की सभी सहकारी समितियों में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी सोसायटी में खाद की कमी नहीं होनी चाहिए और अग्रिम भंडारण की व्यवस्था रखी जाए। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों के निराकरण की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कृषि, सहकारिता एवं विपणन संघ के अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने तीनों एसडीएम को उर्वरक वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि यूरिया और एनपीके खाद की नई रैक एक-दो दिनों में पहुंचने वाली है तथा जिले के डबल लॉक केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है।

बैठक में कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के प्रगतिरत कार्यस्थलों पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, बैरियर और चेतावनी संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी निर्माण स्थल पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं तो संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।

फायर सेफ्टी को लेकर भी कलेक्टर ने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और बड़े निजी अस्पतालों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच के लिए नियमित मॉकड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला अस्पताल नीमच के प्रसूति एवं शिशु वार्ड की सुरक्षा के लिए दो अतिरिक्त होमगार्ड जवान तैनात करने तथा ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की नामवार जानकारी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।

Related Post