डेस्क न्यूज
10 June, 2026
अपराध
नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम नेवड़ में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भंवरीबाई प्रजापत ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि मंगलवार शाम वह अपने खेत पर कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अनिल और राजेश सिंधी करीब 50 लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित भूमि पर खंभे गाड़कर बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू कर दिया। भंवरीबाई का कहना है कि विरोध करने पर उनके तथा पुत्र योगेश प्रजापत के साथ अभद्रता और मारपीट की गई तथा मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कथित आरोपी वहां से चले गए।
वहीं दूसरे पक्ष के राजेश कुमार सिंधी ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम नेवड़ स्थित उनकी भूमि पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिसे प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत पटवारी और आरआई की मौजूदगी में हटाया गया। उनका आरोप है कि सीमांकन और पत्थर गढ़ी के कार्य के दौरान गोवर्धन प्रजापत और योगेश प्रजापत कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद करते हुए हमला कर दिया। साथ ही गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
राजेश सिंधी ने यह भी आरोप लगाया कि डायल-112 पुलिस की मौजूदगी में उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
नीमच सिटी थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।