डेस्क न्यूज
10 June, 2026
अन्य
नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के दलपतपुरा गांव में एक 15 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार दलपतपुरा निवासी सूरज पिता भेरूलाल भील (15) की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान सामने आया कि किशोर ने सल्फास का सेवन किया था।
हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद सूरज की हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार दोपहर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोर ने सल्फास का सेवन किन परिस्थितियों में किया। जीरन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है।