डेस्क न्यूज
10 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर के किर्ति नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राज वर्मा (21) पिता भगीरथ वर्मा, निवासी बड़वानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राज वर्मा खाद-बीज भंडार से जुड़े कार्य के सिलसिले में नीमच आया हुआ था। वह अपने कुछ साथियों के साथ किर्ति नगर क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था और यहीं से अपना काम कर रहा था।
बुधवार सुबह भंवरलाल के कुएं के समीप स्थित एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाकर जिला चिकित्सालय भिजवाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी। परिजनों के नीमच पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के साथ रह रहे साथियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।