ताजासमाचार

दो गोल्ड जीतकर चमके नीमच के भव्यादित्य, राष्ट्रीय पैरा तैराकी में रचा इतिहास

डेस्क न्यूज 10 June, 2026 अन्य


नीमच। राष्ट्रीय स्तर की 26वीं पैरा तैराकी प्रतियोगिता में नीमच के होनहार पैरा तैराक भव्यादित्य सिंह राठौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। बेंगलुरु में 8 से 10 जून 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 50 मीटर बैकस्ट्रोक और 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर मध्यप्रदेश और नीमच जिले का गौरव बढ़ाया।
देशभर से पहुंचे प्रतिभाशाली पैरा तैराकों के बीच भव्यादित्य ने आत्मविश्वास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर दोनों स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके स्वर्णिम प्रदर्शन ने न केवल प्रदेश का मान बढ़ाया, बल्कि जिले के खेल जगत में भी उत्साह और गर्व का माहौल बना दिया है।
भव्यादित्य की सफलता के पीछे उनके मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। वहीं कोच आयुष गौड़, निलेश घावरी, सुधा सोलंकी, समीर सिंह जादौन, अभिषेक अहीर और रोहित अहीर ने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि पर परिजनों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने भव्यादित्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
भव्यादित्य सिंह राठौर की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उनका प्रदर्शन यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है और राष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।

Related Post