डेस्क न्यूज
10 June, 2026
अपराध
ढाबा संचालक से मारपीट, तोड़फोड़ और दबाव बनाने के आरोप; जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए दोनों पुलिसकर्मी
मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने विभागीय अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए भावगढ़ थाने में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पर राजस्थान बॉर्डर स्थित एक ढाबे पर मारपीट, तोड़फोड़ और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे थे।
पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले कृत्य पर एसपी विनोद कुमार मीणा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भावगढ़ थाने में पदस्थ आरक्षक दशरथ धनगर और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 9-10 जून की दरमियानी रात राजस्थान सीमा से लगे नांदवेल स्थित मातेश्वरी ढाबे पर दोनों आरक्षकों ने ढाबा संचालक के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की तथा राजीनामे के लिए दबाव बनाया।
मामले की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर रक्षित केंद्र मंदसौर संबद्ध कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
एसपी विनोद कुमार मीणा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कदाचार और शक्ति के दुरुपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन कायम रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।