ताजासमाचार

EPS-95 पेंशनरों का हुंकार दिवस: पेंशन ₹7,500 करने की मांग फिर गूंजी

डेस्क न्यूज 06 June, 2026 सामाजिक

राष्ट्रीय संघर्ष समिति का 9वां स्थापना दिवस मनाया, डीए और मुफ्त इलाज की मांग दोहराई

 नीमच।ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति (एनएसी) ने शनिवार को अपना 9वां स्थापना दिवस संकल्प दिवस एवं जनजागरण अभियान के रूप में मनाया। जिला सहकारी बैंक स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लेकर अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की।

जिला अध्यक्ष डॉ. बृजेंद्र प्रसाद शर्मा एवं पेंशनर संघ अध्यक्ष संभाजीराव जाधव ने बताया कि राष्ट्रीय संघर्ष समिति का स्थापना दिवस हर वर्ष 6 जून को देशभर में मनाया जाता है। इस अवसर पर ईपीएस-95 पेंशनरों की न्यूनतम मासिक पेंशन ₹7,500 किए जाने, महंगाई भत्ता (डीए) लागू करने तथा सभी पेंशनरों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से लाखों पेंशनर सम्मानजनक जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं हो सका है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेंशनरों के हित में जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों का फूलमालाओं से सम्मान किया गया। साथ ही संगठन के स्थापना काल से जुड़े योगदानकर्ताओं और दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्षों को याद किया गया।

इस अवसर पर घीसालाल सुराह, गोपाल कृष्ण शर्मा, रमेश नागदा, विश्वास जोशी, वर्दीचंद्र मीणा, कन्हैयालाल मोनिया, भंवरलाल सगर, विमल जैन, रोचिराम छाबड़ा, प्रकाश नागर, चांदमल सोनी, बालकृष्ण पांडे, अब्दुल हकीम शेख, सत्यप्रकाश नागर, कैलाश प्लास, प्रकाशचंद्र जैन, गौतमलाल अहीर, समरथ जैन सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मीडिया प्रभारी इलियास कुरैशी ने आभार व्यक्त किया।

Related Post