ताजासमाचार

नीमच की नामी रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर बड़ी कार्रवाई, 3 लाख का जुर्माना; लाइसेंस निलंबित, खाद्य कारोबारियों में हड़कंप

डेस्क न्यूज 05 June, 2026 अपराध

एक्सपायरी खाद्य सामग्री, अस्वच्छ भंडारण और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एडीएम ने बरसाया डंडा, 7 कारोबारियों पर 7 लाख की शास्ति

नीमच। जिले में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। शहर की चर्चित रतन स्वीट्स एंड बेकरी सहित 7 खाद्य कारोबारियों पर कुल 7 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इनमें सबसे बड़ी कार्रवाई रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर हुई, जहां 3 लाख रुपए की शास्ति अधिरोपित की गई है। इतना ही नहीं, संस्थान का खाद्य लाइसेंस भी पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रस्तुत प्रकरणों में एडीएम बीएस कलेश ने सुनवाई के बाद यह कार्रवाई की। जांच में रतन स्वीट्स एंड बेकरी में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण और विक्रय पाया गया। इसके अलावा बड़ी मात्रा में यूज बाय डेट और बेस्ट बिफोर अवधि पार कर चुके पैक्ड खाद्य पदार्थ विक्रय के लिए प्रदर्शित एवं भंडारित मिले। फ्रिज में भी खाद्य सामग्री अस्वच्छ दशाओं में रखी गई थी।

प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। खाद्य अनुज्ञप्ति प्राधिकारी द्वारा 16 मई 2026 को लोक स्वास्थ्य हित में संस्थान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था, जिसे न्यायालय ने भी बरकरार रखा है।

कार्रवाई के दौरान अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी शिकंजा कसा गया। बिना पंजीयन संचालन, अस्वच्छ निर्माण, भंडारण और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने जैसे मामलों में विभिन्न कारोबारियों पर 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपए तक की शास्ति लगाई गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के होटल, ढाबा, मिठाई और नमकीन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post