डेस्क न्यूज़
06 June, 2026
अन्य
नीमच। पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में नीमच के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने एक अलग और सराहनीय पहल की है। आमतौर पर अधिकारी अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करते हैं, लेकिन एसपी राजेश व्यास ने परंपरागत व्यवस्था से हटकर सीधे फरियादियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की संख्या अधिक होने पर राजेश व्यास स्वयं अपने केबिन से बाहर निकलकर कार्यालय परिसर में पहुंचे। उन्होंने आम नागरिकों के बीच खड़े होकर एक-एक व्यक्ति की शिकायत सुनी और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण प्राथमिकता है और किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से भटकना नहीं पड़ेगा।
इस दौरान एक दिव्यांग बुजुर्ग फरियादी को देखकर एसपी राजेश व्यास ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने बुजुर्ग से आत्मीयता के साथ कहा, "दादा, आपको कष्ट करके यहां आने की क्या जरूरत थी, हम स्वयं बाहर आकर आपकी बात सुन लेते।" एसपी के इस व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों को प्रभावित किया।
जनसुनवाई के दौरान फरियादियों के दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक की इस कार्यशैली को आमजन ने सकारात्मक पहल बताते हुए सराहा है।