डेस्क न्यूज़
06 June, 2026
अन्य
नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग द्वारा शनिवार को कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन, नीमच में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के पदाधिकारी, नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना तथा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।
जिला अध्यक्ष राकेश जावरिया ने बताया कि नवगठित कार्यकारिणी की यह पहली बैठक थी। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग का लक्ष्य पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करना है। इसके लिए जल्द ही पंचायत एवं गांव स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी तथा नियमित बैठकें और कैडर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राकेश जावरिया ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज का बड़ा वोट बैंक विभिन्न राजनीतिक दलों में विभाजित है। कांग्रेस का प्रयास है कि समाज के लोगों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से जोड़कर पुनः कांग्रेस के साथ जोड़ा जाए। इसके लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और संगठन को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल कदम, मनोहर आंब एवं महेश बिरवाल ने संगठन संचालन, कार्यकर्ता समन्वय, जनसंपर्क तथा पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान को गति देने का सामूहिक संकल्प लिया गया।