डेस्क न्यूज़
06 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर के नीमच केंट थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। भूतेश्वर रोड स्थित एक सूने बंगले का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश करीब 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूतेश्वर रोड स्थित बंगला नंबर-41 निवासी सुरेन्द्र पाल सिंह वधवा ने नीमच केंट थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि उनके बड़े भाई जितेन्द्र सिंह वधवा पिछले लगभग एक माह से परिवार सहित विदेश गए हुए हैं। इस कारण उनका मकान बंद पड़ा था और मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था।
आवेदन के अनुसार 1 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे से 4 बजे के बीच दो अज्ञात व्यक्ति मकान के बाहर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। बदमाशों ने घर के कमरों और अलमारी की तलाशी ली तथा अलमारी में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
चोरी की जानकारी मिलने पर सुरेन्द्र पाल सिंह वधवा तत्काल मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। इस दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति वारदात के दौरान मकान के आसपास घूमते और जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इससे पहले भी उनके मकान पर चोरी की घटना हो चुकी है। उस समय भी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका। ऐसे में एक बार फिर हुई चोरी से परिवार और क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
प्रार्थी ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए, चोरी गई नकदी बरामद की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल नीमच केंट थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।