ताजासमाचार

CBN की दो बड़ी कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप ! नीमच और मंदसौर में 331.510 किलो डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

डेस्क न्यूज 06 June, 2026 अपराध

नीमच। नीमच जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए 331.510 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

 कार से 186.680 किलो डोडाचूरा बरामद

पहली कार्रवाई में सीबीएन नीमच को सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की आई-20 कार में डोडाचूरा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही ग्राम जालीनेर क्षेत्र में घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, चालक ने सीबीएन टीम के वाहन को टक्कर मारते हुए भागने की कोशिश की। तेज बारिश और अंधेरे के बीच शुरू हुआ पीछा कई किलोमीटर तक चला। भागने के प्रयास में कार नहर में जा फंसी, जिसके बाद तस्कर खेतों की ओर भाग निकला। सीबीएन अधिकारियों ने कीचड़ और बारिश के बीच पीछा कर उसे दबोच लिया।

कार की तलाशी लेने पर 11 प्लास्टिक बैगों से 186.680 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन और मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया।

मंदसौर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से 144.830 किलो डोडाचूरा जब्त

वहीं दूसरी कार्रवाई में सीबीएन की पी एंड आई सेल मंदसौर ने साम्या बालाजी मंदिर चौराहे के पास नलवा-कुंडला रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। तलाशी के दौरान ट्रॉली में छिपाकर रखे गए 8 कट्टों से 144.830 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गई है।

दोनों मामलों में कुल 331.510 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया है। सीबीएन अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आपूर्ति श्रृंखला और अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है।

लगातार हो रही कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। सीबीएन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Post