ताजासमाचार

सीएमओ दुर्गा बामनिया ने किया नालों का निरीक्षण ! प्राइवेट बस स्टैंड पर नाला सफाई कार्य का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

डेस्क न्यूज़ 06 June, 2026 अन्य

नीमच। गुरुवार-शुक्रवार की रात एवं शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शहर के विभिन्न नालों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राइवेट बस स्टैंड पर चल रहे नाला सफाई अभियान का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ दुर्गा बामनिया ने ग्वालटोली स्थित स्पेंटा पेट्रोल पंप के पास नाला, निरोग धाम के समीप नाला, बारादरी क्षेत्र का नाला तथा प्राइवेट बस स्टैंड स्थित नाले का निरीक्षण किया। स्पेंटा पेट्रोल पंप के पास नाले में गाद और अवरोध पाए जाने पर उन्होंने मौके पर ही जेसीबी मशीन बुलवाकर सफाई कार्य शुरू करवाया।

प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र में चल रहे नाला सफाई कार्य का अवलोकन करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्य में गति लाने तथा बारिश से पूर्व जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने नागरिकों से अपील की कि नालों की सफाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है, इसलिए नालों पर किए गए अतिक्रमण स्वेच्छा से हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि बारिश के दौरान जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को जेसीबी की सहायता से हटाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं की होगी।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण शाखा के अब्दुल नईम, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, अविनाश घेघट, गोपाल नरवाले, गैंग प्रभारी दीपक गौहर, आकाश सोदे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post